J-K: रामबन में कार से दो पुलिसकर्मियों के श/व बरामद, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोट में मंगलवार (22 सितंबर) शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब जियारत मोड़, सना इलाके में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में मिले. स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है.जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (नंबर 408/आरबीएन), निवासी भट्टी रामबन और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (एसजीसीटी) मोहम्मद याकूब (नंबर 309/आरबीएन), निवासी जटगली रामबन के रूप में हुई है. दोनों जिला पुलिस लाइंस (डीपीएल) रामबन में तैनात थे.

कार में बेहोशी की हालत में मिले थे
पुलिस के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी फिएट वियास (Fiat Vias) कार नंबर JK-19/5299 में बेहोशी की हालत में मिले थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना का पता रात करीब 8:30 बजे चला.घटना के बाद एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता और चिकित्सा अधीक्षक अस्पताल में मौजूद थे.

तफ्तीश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारण का पता लगाया जा रहा है. वहीं शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है. पोस्टमार्टम के सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी और मौत की असल वजह का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस हर एंगिल से तफ्तीश कर रही है. जिस कार में दोनों पुलिसकर्मी मिले थे उसकी भी छानबीन की जा रही है. इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है.

परिवार में पसरा मातम

इधर इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने मृतकों के परिवार को जानकारी दे दी है. सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगाा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top