
सिंधु नदी को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर से भारत को गीदड़भभकी दी है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान के हिस्से वाले पानी के बहाव को रोकने या मोड़ने की कोई भी कोशिश युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ किसी कार्रवाई का पूरी ताकत और संकल्प के साथ जवाब दिया जाएगा. भारत कई मौकों पर साफ कर चुका है कि खून और पानी साथ नहीं बह सकते.
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार समेत कई नेताओं और मंत्रियों ने मंगलवार को अलग-अलग कार्यक्रम किए. पाकिस्तानी नेता भारत के ऑपरेशन सिंदूर के एक साल की बरसी पर अपनी जनता के सामने पाकिस्तान की जीत का दावा कर रहे हैं. विदेश मंत्री इशाक डार समेत रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी कल कई कार्यक्रम किए और भारत के खिलाफ जहर उगला.
क्या बोले इशाक डार
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि पिछले साल की घटनाओं ने इस क्षेत्र को तबाही के कगार पर ला खड़ा किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की कार्रवाई एक सोची-समझी रणनीति के तहत की गई थी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाना और भड़काऊ बयानबाजी करना शामिल था. उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान के हिस्से के पानी को रोकने या उसका रास्ता बदलने का कोई भी प्रयास युद्ध का कृत्य माना जाएगा.
इसके अलावा उन्होंने नदियों के प्रवाह में अनियमित उतार-चढ़ाव की ओर इशारा किया और कहा कि नई दिल्ली संधि के तहत अपने दायित्वों का पालन नहीं कर रहा है. इस दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने दुनिया में शांति को बढ़ावा देने में लगातार रचनात्मक भूमिका निभाई है और वह संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में सबसे ज्यादा योगदान देने वाले देशों में से एक है.