
न्यूयॉर्क: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका में पाकिस्तानी पत्रकार को जमकर सुनाया है। यह तब हुआ, जब न्यूयॉर्क में चल रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के दौरान पाकिस्तानी पत्रकार ने जयशंकर से आतंकवाद के मुद्दे पर सवाल किया। इस पर जयशंकर ने कहा कि टेरिरिज्म पर पाकिस्तान जैसे आतंक को पनाह देने वाले देश की ओर से सवाल नहीं किया जा सकता है। शुक्रवार को शिपिंग और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा और संरक्षा पर ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ की पहली बैठक के बाद जयशंकर मीडिया से बात कर रहे थे, इसी दौरान पाकिस्तानी पत्रकार ने उनके कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश की। इस पर जयशंकर की ओर से कड़ा जवाब दिया गया।
UNGA में एस. जयशंकर के कार्यक्रम में खड़े होकर पाकिस्तानी पत्रकार या प्रतिनिधि ने भारत पर अमेरिका में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपों को उठाया। साथ ही कहा कि भारत पर पाकिस्तान का आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप है। इस पर आप क्या कहना चाहते हैं। इस पर विदेश मंत्री जयशंकर ने पलटवार करते हुए कहा कि एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है तो हैरत है। यह कहते हुए जयशंकर कार्यक्रम से निकल गए।
आतंक के मुद्दे पर घिरा पाकिस्तान
पाकिस्तान की वैश्विक मंचों पर भारत को घेरने की कोशिश नई नहीं है। न्यूयॉर्क के मौजूदा संयुक्त राष्ट्र के सत्र में भी ये देखने को मिला है। हालांकि पाकिस्तान को ये कोशिश लगतार उलटी पड़ी है। पाकिस्तान पत्रकार को जयशंकर से खरी-खोटी सुनने को मिली है। इसी सत्र में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद को लेकर पूछे गए सवालों पर घिर गए थे। सईद को पनाह के मुद्दे पर शहबाज शरीफ मुंह छिपाकर निकलने की कोशिश करते दिखे थे।
इससे पहले बुधवार को भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को आतंक के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई। भारत ने कहा कि इस्लामाबाद को क्षेत्रीय महत्वाकांक्षा पालने या सीमा पार आतंकवाद को समर्थन के बजाय अपनी कर्ज पर टिकी संघर्षरत अर्थव्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। यूएन मानवाधिकार परिषद में भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान अपनी जनता की बेहतर सेवा तब करेगा, जब वह दूसरों की जमीन हड़पने या आतंक निर्यात करने के बजाय विकास पर ध्यान देगा।