
बॉक्स ऑफिस पर इस समय कई बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्क घमासान देखने को मिल रहा है. कई नई फिल्में बड़े पर्दे पर आ चुकी हैं, लेकिन असली बाजी 48 दिन पहले रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ही मारती दिख रही है. फिल्म को थिएटर्स में लगे 40 दिन से ऊपर हो चुके हैं, फिर भी दर्शकों का जोश कम नहीं हुआ है. आमतौर पर महीने भर बाद फिल्में सिनेमाघरों से हटने लगती हैं, पर ये फिल्म 7वें हफ्ते में भी शानदार कमाई कर रही है. लगातार मिल रहे प्यार की बदौलत ये फिल्म कई बड़े रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ चुकी है. नई रिलीज के आने से मुकाबला कड़ा जरूर हुआ, लेकिन इस रेस में बढ़त सिर्फ इसी फिल्म के पास है.
सैकनिल्क (Sacnilk) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ वाकई लंबी रेस का मजबूत घोड़ा साबित हुई है. रिलीज के सातवें हफ्ते में नई फिल्मों की मौजूदगी के बावजूद लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं. 48वें दिन फिल्म ने भारत में करीब 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन अपने खाते में जोड़ा. इसके साथ ही फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 284.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, इंडिया ग्रॉस 336.45 करोड़ रुपये और विदेशों से 35.75 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाई हुई है. इस तरह दुनिया भर में इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 372.20 करोड़ हो चुका है, जो फिल्म की जबरदस्त थियेट्रिकल पकड़ को साफ बयां करता है.

सातवें हफ्ते में भी बरकरार है ‘हनुमान अंश’ का दबदबा
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका बॉक्स ऑफिस पर लगातार कई हफ्तों तक टिके रहना है. अक्सर बड़ी फिल्में शुरुआती दो हफ्तों के बाद हांफने लगती हैं, लेकिन यहां कहानी बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है. सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट बताती है कि 48वें दिन की कमाई 47वें दिन के 4.90 करोड़ के मुकाबले करीब 18.4 प्रतिशत कम रही. बावजूद इसके वीकडे में 4 करोड़ बटोर लेना अपने आप में बड़ी बात है. कुल इंडिया नेट 284.93 करोड़ और वर्ल्डवाइड ग्रॉस 372.20 करोड़ का आंकड़ा ये साबित करता है कि दर्शक अभी भी इस पर पूरा भरोसा जता रहे हैं और इसका क्रेज खत्म नहीं हुआ है.
कुणाल खेमू की ‘वाइब’ की शुरुआत रही काफी धीमी
कुणाल खेमू की नई फिल्म ‘वाइब’ से सिनेमा प्रेमियों को खासी उम्मीदें बंधी हुई थीं, लेकिन शुरुआती दिनों में इसका असर कुछ खास नहीं दिख रहा है. फिल्म में कुणाल खेमू के साथ स्पर्श श्रीवास्तव और प्रीति जिंटा जैसे जाने-माने चेहरे मौजूद हैं. कहानी दो जिगरी यारों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिनकी सीधी-सादी जिंदगी अचानक उलझनों और रोमांचक सफर में बदल जाती है. सैकनिल्क के मुताबिक, छठे दिन फिल्म ने सिर्फ 1 करोड़ की कमाई की. इसके साथ इसका इंडिया नेट 10.45 करोड़, इंडिया ग्रॉस 12.48 करोड़, ओवरसीज 1.95 करोड़ और कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस 14.43 करोड़ पर पहुंच पाया है.
गंभीर मुद्दों पर बनी ‘दायरा’ को नहीं मिल रहे दर्शक
करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म ‘दायरा’ एक क्राइम इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है. इसका डायरेक्शन मेघना गुलजार ने किया है. फिल्म की कहानी डीसीपी रमन कुमार और डीसीपी अजूनी कोहली के टकराव पर टिकी है, जो एक पेचीदा केस के चलते सिस्टम के अलग-अलग छोर पर खड़े हो जाते हैं. फिल्म न्याय, सच और नैतिक सीमाओं पर गहरे सवाल खड़े करती है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन फिल्म महज 45 लाख ही जुटा सकी. इस तरह रिलीज के 6 दिनों में इसका इंडिया नेट 5.95 करोड़, इंडिया ग्रॉस ₹7.13 करोड़ और वर्ल्डवाइड ग्रॉस 9.23 करोड़ ही हुआ है.
‘रेसिडेंट एविल’ और चारों फिल्मों के बीच का अंतर
हॉरर और सर्वाइवल पसंद करने वालों के लिए इंटरनेशनल फिल्म ‘रेसिडेंट एविल’ भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई है. इसमें एक पार्सल डिलीवरी बॉय की कहानी है, जो खतरनाक म्यूटेंट जीवों और संक्रमण के बीच जिंदगी की जंग लड़ता है. सैकनिल्क के मुताबिक, छठे दिन इसने 1.45 करोड़ कमाए, जिससे इसका कुल इंडिया नेट 13.70 करोड़ और ग्रॉस 16.32 करोड़ हो गया. तुलना करें तो ‘हनुमान अंश’ 372.20 करोड़ वर्ल्डवाइड ग्रॉस के साथ सबसे आगे है, जबकि ‘वाइब’, ‘दायरा’ और ‘रेसिडेंट एविल’ जैसी नई फिल्में अपने पहले हफ्ते में ही दर्शकों के लिए जूझती नजर आ रही हैं.