
Giant Natural Structure: ब्राजील में एक ऐसी अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसे जानकर कोई भी हैरान रह जाए. यहां छोटे-छोटे दीमकों ने मिलकर एक ऐसा विशाल नेटवर्क तैयार किया है, जो आकार में ब्रिटेन जितना बड़ा है. यह संरचना इतनी विशाल है कि इसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकता है. इस अद्भुत संरचना को सिंटरमेस डिरस नाम की दीमक प्रजाति ने बनाया है. ये छोटे-छोटे कीड़े, जिनकी लंबाई आधे इंच से भी कम होती है, हजारों सालों से लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने लगभग 20 करोड़ मिट्टी के टीले बनाए हैं, जिन्हें मुरुंडास कहा जाता है.इनमें से हर टीला लगभग 7 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा हो सकता है, और इसे बनने में हजारों साल लग जाते हैं. लेकिन जब करोड़ों ऐसे टीले एक साथ जुड़ जाते हैं, तो यह एक विशाल भू-आकृति बन जाती है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन दीमकों ने इतनी मिट्टी हटाई है कि उससे हजारों बड़े पिरामिड बनाए जा सकते हैं. रिसर्च के अनुसार, ये टीले असल में दीमकों के रहने की जगह नहीं बल्कि कचरा जमा करने के स्थान हैं. असली शहर जमीन के नीचे फैला होता है, जहां ये दीमक रहते हैं. यह पूरा नेटवर्क कई किलोमीटर तक फैला हुआ है और एक जटिल अंडरग्राउंड सिस्टम की तरह काम करता है.
कैसे जिंदा रहते हैं ये दीमक?
ये दीमक मुख्य रूप से एक खास तरह के पेड़ की सूखी पत्तियों पर निर्भर रहते हैं, जो साल में सिर्फ एक बार गिरती हैं. उस समय ये दीमक तेजी से पत्तियां इकट्ठा करते हैं. वैज्ञानिक इसे ऐसे समझाते हैं जैसे साल में सिर्फ एक दिन सुपरमार्केट खुलता हो और हर कोई ज्यादा से ज्यादा सामान जुटाने की दौड़ में लगा हो. हालांकि स्थानीय लोग इन टीलों के बारे में सदियों से जानते थे, लेकिन इनकी असली विशालता का पता तब चला जब सैटेलाइट इमेजरी में इन्हें देखा गया. स्टीफन मार्टिन नाम के वैज्ञानिक ने जब गूगल अर्थ पर इन्हें देखा, तो उन्हें एहसास हुआ कि ये हर जगह फैले हुए हैं, लेकिन इनके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं थी.वैज्ञानिकों के सामने अभी भी कई सवाल हैं. जैसे इन दीमकों की कॉलोनी कितनी बड़ी होती है और इनका संगठन कैसे काम करता है. आमतौर पर दीमकों की कॉलोनी में एक रानी होती है, लेकिन इन टीलों में ऐसी कोई स्पष्ट संरचना नहीं मिली. यही वजह है कि यह विशाल निर्माण आज भी विज्ञान के लिए एक अनसुलझा रहस्य बना हुआ है.