‘विजय तभी ले पाएंगे शपथ जब…’,  तमिलनाडु के राज्यपाल ने TVK चीफ के सामने रखी ये शर्त

Spread the love

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने बाद अब तक नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है. कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश करने के एक दिन बाद गुरुवार को विजय फिर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलने लोक भवन पहुंचे. उन्होंने बुधवार (6 मई) को कांग्रेस पार्टी का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा था और सरकार बनाने का दावा पेश किया था. हालांकि, राज्यपाल ने इस मामले में अभी कोई फैसला नहीं किया है. सूत्रों के मुताबिक टीवीके प्रमुख विजय बहुमत साबित होने के बाद ही शपथ ले सकते हैं. तमिलनाडु के राज्यपाल राज्य में स्थिर सरकार चाहते हैं.

इससे पहले बुधवार (6 मई) को विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से लोक भवन में मुलाकात कर उनको समर्थन देने वाले टीवीके और कांग्रेस विधायकों की लिस्ट सौंपी थी. हालांकि, अभी तक राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के संबंध में अभी तक कोई औपचारिक निर्णय नहीं लिया गया है.

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राज्यपाल अभी तक टीवीके की तरफ से जुटाए गए बहुमत से संतुष्ट नहीं हैं क्योंकि टीवीके के पास अभी तक आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं. अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल कानूनी सलाह भी ले रहे हैं.

विजय की टीवीके विधायकों संग की बैठक

TVK प्रमुख विजय ने सरकार गठन पर चर्चा के लिए गुरुवार को चुनाव जीतने वाले पार्टी के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई. कांग्रेस के पांच विधायकों ने टीवीके को समर्थन देने की पेशकश की है, लेकिन विजय की पार्टी को 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत नहीं मिल पा रहा है. सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का होना जरूरी है और टीवीके ने 108 सीट पर जीत हासिल की, जिनमें से विजय को अपनी जीती हुई दो सीट में से एक से इस्तीफा देना होगा.

शपथ में देरी पर CPI ने खड़े किए सवाल

उधर विजय के शपथ ग्रहण में देरी पर सीपीआई ने सवाल खड़े किए हैं.  सीपीआई ने कहा कि ‘तमिलनाडु की जनता ने भले ही स्पष्ट बहुमत नहीं दिया हो, लेकिन TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है. इसी आधार पर TVK प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है. शपथ ग्रहण से पहले ही TVK से बहुमत साबित करने को कहना स्वीकार्य नहीं है. राज्यपाल को TVK को सदन में बहुमत साबित करने के लिए उचित समय देना चाहिए. इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के कई महत्वपूर्ण फैसले भी मौजूद हैं.’

विजय का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ कैंसिल

टीवीके के समर्थक अपने नेता विजय को मुख्यमंत्री बनते देखने की उम्मीद लिए गुरुवार (7 मई) को शहर के नेहरू इनडोर स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन निर्धारित कार्यक्रम को लेकर जानकारी न होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर के TVK से बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों के समर्थन पत्र मांगे जाने के बाद विजय का आज प्रस्तावित शपथ ग्रहण टल गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top