
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह कर्नाटक के एक दिन के दौरे पर बेंगलुरु उतरे, तो एक तस्वीर वायरल हो गई. दरअसल, एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के तहत राज्य के मुखिया या प्रतिनिधि का मौजूद होना जरूरी होता है. कांग्रेसी सीएम सिद्धारमैया खुद पीएम का वेलकम करने माला लेकर खड़े थे. पारंपरिक टोपी और माला पहने प्रधानमंत्री मोदी ने अचानक सिद्धारमैया के कान में कुछ कहा और उसी समय तस्वीर क्लिक हो गई. बस फिर क्या था, चर्चा शुरू हो गई.
हां, अब लोग इसी तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कुछ कैप्शन लिखने को कह रहे हैं. आप भी सोचिए, प्रधानमंत्री ने सिद्धारमैया से क्या बात की होगी? यह तस्वीर चर्चा में इसलिए भी है क्योंकि एक हफ्ते के भीतर पीएम कई बड़े कांग्रेसी नेताओं से बातचीत करते दिखे थे. ऐसे में लोगों की उत्सुकता बढ़ गई.
आमतौर पर लोग पीएम को कांग्रेस पर हमला करते ही सुनते हैं. पहले पीएम राहुल गांधी से गुफ्तगू करते दिखते हैं, फिर एक दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हाथ मिलाकर कुछ मजाक करते हैं और अब कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक के मुखिया के कान में कुछ फुसफुसाते दिखे, तो लोग चर्चा करने लगे.
कर्नाटक में सब ठीक नहीं?
हां, वैसे तो चर्चा काफी समय से चल रही है, अब एक बार फिर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार में खींचतान की अटकलें लगाई जाने लगी हैं. कुछ घंटे पहले सिद्धारमैया ने अपने राजनीतिक सचिव नजीर अहमद को हटा दिया. कारण पार्टी विरोधी गतिविधि बताया जा रहा है. अंदरखाने कहा जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान सिद्धारमैया के करीबी नेताओं की गतिविधियों से खुश नहीं है. उधर, कांग्रेस के कई विधायक राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार के लिए प्रेशर बना रहे हैं.
कहा जा रहा है कि सिद्धारमैया भी कैबिनेट में फेरबदल करना चाहते हैं, लेकिन उनके डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का अपना अलग रुख है. अब कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक पर कोई बड़ा फैसला ले सकता है.