IPS अजयपाल शर्मा को बंगाल भेजने पर सियासी बवाल, महुआ ने बताया फेयर एंड लवली तो अखिलेश ने CM योगी पर कसा तंज

Spread the love

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अफसर अजयपाल शर्मा को पश्चिम बंगाल भेजे जाने पर सियासी बवाल शुरू हो गया है. अजयपाल को पर्यवेक्षक बनाए जाने के बाद वायरल उनके वीडियो को लेकर विपक्षी दलों की ओर से निशाना साधा जा रहा है. तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने पुलिस अफसर को फेयर एंड लवली बबुआ बताया तो पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे यूपी सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद खराब हुई है.

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया X पर अपने पोस्ट में कहा, “बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्ज़र्वर बने, उत्तर प्रदेश के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद क्षतिग्रस्त हुई है. साथ ही बीजेपी सरकार के तथाकथित महिला सम्मान और नारी वंदन के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है.”

कब तक होगा निलंबन, देखते हैंः अखिलेश

उन्होंने आगे कहा, “बीजेपी शासन-प्रशासन में ऐसे लोग और अधिकारी अपवाद नहीं है. नारी को लगता है कि जिनके हाथ में महिला सुरक्षा की बागडोर है अगर वो ऐसे हैं, तो हमारी सुरक्षा कैसे होगी. आज बीजेपी से जुड़ी हर नारी शर्मिंदा है क्योंकि बहन-बेटियां तो उनके घरों में भी हैं.”

पुलिस अफसर के वायरल वीडियो को लेकर निलंबन की मांग करते हुए अखिलेश ने कहा, “देखते हैं इनका निलंबन- बर्खास्तगी कितनी जल्दी होती है. इसका सीधा संबंध मुख्यमंत्री की छवि से जुड़ा हुआ है. इस अधिकारी के खिलाफ जैसी कार्रवाई होगी वो तय करेगी कि मुख्यमंत्री का इस मामले में खुद का रुख कैसा है.”
फेयर एंड लवली बबुआः महुआ मोइत्रा
उन्होंने आगे कहा, “वैसे इतना सब कुछ उजागर होने के बाद तो मुख्यमंत्री भी मन मारकर ही सही, अनुशासनात्मक-दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य हो जाएंगे और अपने इस विशेष कृपा प्राप्त को बचाने के लिए ये नहीं कहेंगे कि ये वीडियो एआई जेनरेटेड है. ज़ीरो टॉलरेंस सिर्फ अपराधियों के खिलाफ नहीं ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी होना चाहिए.”
दूसरी ओर, इसी वीडियो को लेकर टीएमसी की तेजतर्रार नेता महुआ मोइत्रा ने पुलिस अफसर अजयपाल पर निशाना साधते हुए कहा, “फेयर एंड लवली बबुआ अजयपाल सिंह, आपको FantaCop स्टाइल में मजे करते देखकर अच्छा लगा. एकदम ‘ठंडा-ठंडा, कूल-कूल’ रहिए. बंगाल हमेशा तृणमूल का रहा है.”पर्यवेक्षक बनाए जाने पर साधा निशाना
इससे पहले अखिलेश यादव ने कल सोमवार को आरोप लगाया था कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों के नाम पर अपने एजेंट तैनात किए हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि इन सबके बावजूद तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सत्ता में बनी रहेगी. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर और संभल जैसे स्थानों से पर्यवेक्षकों के नाम पर अपने आजमाए हुए एजेंट भेजे हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होगा. ममता बनर्जी यहां हैं और दीदी ही रहेंगी.”
अखिलेश ने अपने पोस्ट में किसी अफसर का नाम नहीं लिया, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने अपने बयान में कहा, “उत्तर प्रदेश के कुख्यात ‘सिंघम’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चहेते ‘एनकाउंटर एक्सपर्ट’ अजय पाल को चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना के लिए पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. यह वही अधिकारी हैं जो अपने ठोक दो वाले रवैये के कारण कुख्यात रहे हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top