
Himachal Weather: हिमाचल में इन दिनों गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. खासकर मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के पांच जिलों — Una, Kangra, Kullu, Mandi और Solan के कुछ हिस्सों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. राज्य के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है.
कांगड़ा में सबसे ज्यादा तापमान उछला
कांगड़ा में तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिसके बाद पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं ऊना में तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.
इसके अलावा बिलासपुर में 37.5 डिग्री, हमीरपुर में 36.1 डिग्री और मंडी में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
धर्मशाला का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो अप्रैल महीने का तीसरा सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है.
शिमला और मनाली में भी बढ़ी गर्मी
हिल स्टेशनों पर भी गर्मी का असर दिखने लगा है. Shimla में तापमान 27.2 डिग्री और Manali में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कल से बदलेगा मौसम, भारी ओलावृष्टि का अलर्ट
गर्मी से राहत की उम्मीद कल से जताई जा रही है. मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछ इलाकों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.इन क्षेत्रों में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफान आने की संभावना है.
2 मई तक खराब रहेगा मौसम
29 और 30 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 1 और 2 मई को प्रदेश के मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि हीटवेव के दौरान धूप में बाहर निकलने से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें.