हिमाचल प्रदेश: ईरान-इजरायल युद्ध ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया और कई देशों के नागरिक इस युद्ध में फंस गए. अब ताजा जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के सनोली मजारा गांव के रहने वाले 52 वर्षीय शम्मी की अबू धाबी में ड्रोन हमले में दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. शम्मी लंबे समय से विदेश में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था.

अबू धाबी में करता था नौकरी
बता दें कि शम्मी पिछले कई सालों से अबू धाबी में नौकरी कर रहा था. वह बीच-बीच में अपने घर सनोली मजारा आता-जाता रहता था और हाल ही में फिर से काम पर लौटा था. बताया जा रहा है कि बीती गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वह अबू धाबी के एक प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी गाड़ी लेकर खड़ा था.
शम्मी इस प्रतिबंधित इलाके में मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले की चपेट में वह आ गया. हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शम्मी की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है विस्फोट इतना भीषण था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.
परिवार में शोक की लहर
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं, घटना की सूचना जैसे ही शम्मी के परिजनों तक पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. उधर, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है. परिजनों से समन्वय स्थापित कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.