
Kim Jong Un: उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए उन्नत मिसाइल तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, देश ने उच्च क्षमता वाले ठोस ईंधन मिसाइल इंजन का सफल परीक्षण किया है. इस परीक्षण का निरीक्षण खुद तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने किया. रिपोर्ट के मुताबिक, यह ग्राउंड जेट टेस्ट उत्तर कोरिया के सैन्य आधुनिकीकरण कार्यक्रम का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों को और अधिक घातक बनाना है.
उत्तर कोरिया बढ़ा रहा अपनी मिसाइल क्षमता
जानकारी के अनुसार, उत्तर कोरिया के नए परीक्षण में इंजन की अधिकतम क्षमता करीब 2500 किलोटन मापी गई, जो पिछले परीक्षण (1971 किलोटन) से काफी अधिक है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की क्षमता में वृद्धि का उद्देश्य मिसाइलों की मारक क्षमता और पेलोड को बढ़ाना है. इस अपग्रेडेड इंजन में कंपोजिट कार्बन फाइबर जैसी उन्नत सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जो मिसाइल को हल्का और अधिक शक्तिशाली बनता है.
मल्टीपल वॉरहेड्स की तैयारी में उत्तर कोरिया
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया अब ऐसी मिसाइलें विकसित करना चाहता है, जिनमें एक साथ कई वॉरहेड (Multiple Warheads) लगाए जा सकें. इससे एक ही मिसाइल कई लक्ष्यों को भेद सकती है और दुश्मन के मिसाइल डिफेंस सिस्टम को चकमा देना भी आसान हो जाता है. जानकारों का मानना है कि ये तकनीक अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है.