
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से लेकर 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं, अफगानिस्तान भी क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत को कड़ी टक्कर देना चाहेगी. टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच 8 साल पहले खेला था.
2 दिन में खत्म हुआ था 5 दिन चलने वाला टेस्ट मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक महज एक टेस्ट मैच खेला गया है. यह टेस्ट मैच साल 2018 में बेंगलुरु में खेला गया था. भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस टेस्ट को एक पारी और 262 रनों से अपने नाम किया था. यह टेस्ट मैच महज दो दिन में ही खत्म हो गया था. हालांकि, पिछले 8 वर्षों में अफगानिस्तान की टीम काफी मजबूत हुई है. एकमात्र टेस्ट मैच के लिए देवदत्त पडिक्कल को भी टीम में शामिल किया गया है. पडिक्कल का प्रदर्शन आईपीएल 2026 और घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार रहा.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत मजबूत
सिर्फ देवदत्त पडिक्कल ही नहीं बल्कि कई युवा खिलाड़ियों को इस सीरीज के लिए मौका दिया गया है. मानव सुथार को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है. इसके साथ ही तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को भी टीम में जगह दी गई है. हर्ष दुबे भी अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों को तंग करते हुए नजर आ सकते हैं. शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत की मौजूदगी में भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है.