
High Court News: हरियाणा के सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल को बड़ी राहत मिली है. रामपाल को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राहत देते हुए जमानत दे दी है. उन्हें राजद्रोह के मामले में जमानत मिली है. पिछले 11 साल से अधिक समय से वह जेल में बंद थे. न्यायालय के आदेश के बाद वह जल्द ही जेल से रिहा हो सकते हैं.
दरअसल, रामपाल स्वयं को संत बताते हैं और सतलोक आश्रम के प्रमुख हैं. रामपाल हिसार के सेंट्रल जेल-2 में बंद थे. उन्होंने कुल 11 साल, 4 महीने और 20 दिन जेल में बिताए हैं. कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद वह जेल से बाहर आ जाएंगे.
रामपाल पर कुल 14 मामले दर्ज थे
चौधरी रामपाल पर कुल 14 मामले दर्ज थे. अभी तक वह 11 मामलों में बरी हो चुके हैं और दो मामलों में उच्च न्यायालय ने पहली उनकी आजीवन करावास की सजा को मिलंबित कर दिया है. अब केवल राजद्रोह का मामला चल रहा है, जिसमें करीब 1000 लोग शामिल थे. बता दें कि इनमें से अधिक लोगों को पहले ही जमानत मिल चुकी है.
जानिए पूरा मामला
गौरतलब है कि यह राजद्रोह का मामला साल 2014 का है. नवंबर 2014 में पुलिस ने जब रामपाल को गिरफ्तार करने के लिए उनके बारवाला स्थित सतलोक आश्रम पहुंची थी, उस दौरान उनके समर्थकों ने आश्रम को घेर लिया था और इसी दौरान हिंसा भी देखने को मिली. इस हिंसा में 5 महिलाओं और एक बच्चे की जान गई थी. पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल का इस्तेमाल करना पड़ा. 19 नवंबर को रामपाल को गिरफ्तार किया गया था. इसी घटना से जुड़े एक मामले में रामपाल को साल 2018 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी.