
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने अंदाज में सनसनीखेज पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि एक ऐसा तूफान आ रहा है, जिसे रोका नहीं जा सकेगा। सोशल ट्रूथ पर ट्रंप का यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। सीजफायर लागू होने के बावजूद दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके हैं और फिर से लड़ाई छिड़ने का अंदेशा है। ऐसे में ट्रंप के बयान को ईरान पर किसी बड़े हमले की तैयारी से जोड़ा जा रहा है।डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि तूफान आ रहा है और जो आ रहा है उसे कोई नहीं रोक सकता है। विशेषज्ञ इसे मशहूर अमेरिकन टीवी सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स के डायलॉग ‘सर्दी आ रही है’ से जोड़ रहे हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि गेम ऑफ थ्रोन्स में भीषण सर्दियों से हुई तबाही की तरह ट्रंप की यह पोस्ट किसी बड़ी बमबारी की चेतावनी हो सकती है।
ट्रंप के पोस्ट के पीछे क्या है?
एक्सपर्ट का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप की इस पोस्ट ने भूराजनीतिक निहितार्थों के बारे में अटकलों को जन्म दिया है। ट्रंप का यह बयान एक्सियोस की उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें बताया गया है कि अमेरिकी केंद्रीय कमान ने ईरान पर कम समय में शक्तिशाली हमलों की एक श्रृंखला तैयार की है, जिसमें ईरान के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाएगा। ऐसे में ट्रंप के इस पोस्ट ने कई तरह की आशंकाओं को जन्म दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज खोलने और युद्ध खत्म करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों और होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रखेगी। ट्रंप का कहना है कि इससे ईरानी छटपटा गए हैं। ट्रंप ने साफ किया है कि उनका ईरान के प्रस्ताव पर समझौते का कोई इरादा नहीं है। अमेरिका की ओर से फिलहाल ईरान पर दबाव बनाने का काम जारी रखा जाएगा।
ईरान-अमेरिका टकराव
ईरान और अमेरिका में 28 फरवरी को शुरू हुआ युद्ध 8 अप्रैल से रुकासीजफायर के टूटने का खतरा लगातार मंडरा रहा है क्योंकि लेकिन दोनों पक्षों में गतिरोध बरकरार है। ईरान चाहता है कि होर्मुज से नाकेबंदी हटाई जाए और स्थायी तौर पर युद्ध खत्म किया जाए।
ईरान की कोशिश है कि फिलहाल परमाणु मुद्दे पर बातचीत टाल दी जाए। उसे युद्ध खत्म होने की गारंटी मिलने के बाद ही परमाणु कार्यक्रम पर बात हो। अमेरिका इस बात पर अड़ा है कि परमाणु कार्यक्रम पर पहले वार्ता की जाए। ट्रंप ने साफ किया है कि पहले परमाणु मुद्दे का हल निकलेगा।
ईरान-अमेरिका में अब तक क्या-क्या हुआ
- अमेरिका-इजरायल गठबंधन ने 28 फरवरी को ईरान पर हवाई हमलों की शुरुआत की थी।
- ईरान ने हमलों का जवाब देते हुए इजरायल और खाड़ी स्थित अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए।
- दोनों पक्षों में 39 दिन की लड़ाई के बाद 8 अप्रैल को दो हफ्ते का अस्थायी सीजफायर किया गया।
- सीजफायर के खत्म होने से पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे अनिश्तिकाल के लिए बढ़ा दिया।
- ईरान और अमेरिका में सीजफायर जारी है लेकिन दोनों पक्ष लड़ाई की तैयारी भी करते दिख रहे हैं।