
China viral News: जिंदगी में मुश्किलें हर किसी के सामने आती हैं, लेकिन कुछ लोग इन्हीं मुश्किलों को अपनी ताकत बना लेते हैं. ऐसी ही एक कहानी चीन की 81 साल की वांग युशी की है, जिन्होंने बिना हाथ-पैर के जन्म लेने के बावजूद तीन बच्चों की परवरिश अकेले की. उनकी कहानी आज लाखों लोगों को भावुक कर रही है.
सोचिए, जहां आम इंसान छोटी-छोटी परेशानियों में हार मान लेता है, वहीं वांग युशी ने अपनी कमजोरी को कभी बहाना नहीं बनने दिया. उन्होंने न सिर्फ घर संभाला, बल्कि बच्चों को पाल-पोसकर बड़ा भी किया. आज लोग उन्हें “सबसे मजबूत मां” कहकर सम्मान दे रहे हैं और उनकी हिम्मत को सलाम कर रहे हैं.
क्या जन्म से ही बिना हाथ-पैर के थीं वांग युशी?
वांग युशी का जन्म चीन के गांसू प्रांत के बाइयिन शहर में हुआ था. वह जन्म से ही बिना हाथ-पैर के थीं, जिसे एक जन्मजात विकलांगता माना जाता है. उनके जीवन की शुरुआत बेहद कठिन रही, यहां तक कि उन्हें करीब 20 साल तक कोई आधिकारिक नाम भी नहीं मिला था. बाद में 27 साल की उम्र में एक रजिस्ट्रेशन अधिकारी ने उन्हें “वांग युशी” नाम दिया, जो उनकी पहचान बन गया.