अफगानिस्तान में डोली धरती, भूकंप के तेज झटके से काबुल में गिरा घर, 8 लोगों की मौत

Spread the love

अफगानिस्तान और पश्चिमी पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में शुक्रवार देर रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया. काबुल के गवर्नर के प्रवक्ता ने बताया कि भूकंप के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है. यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और हाल के वर्षों में भूकंपों के कारण हजारों लोगों की जान गई है.

यूरो-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर और यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के कुंदुज शहर से लगभग 150 किलोमीटर (93 मील) पूर्व में हिंदूकुश पर्वतमाला में था.

कई इलाकों में महसूस किया गया भूकंप

भूकंप का केंद्र 180 किलोमीटर से अधिक की गहराई पर था. इसके झटके अफगानिस्तान और पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से में महसूस किए गए. पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस्लामाबाद, पेशावर, चित्राल, स्वात और शांगला के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए.

पाकिस्तान में भी लगे भूकंप के झटके

पाकिस्तान के अधिकारियों ने भूकंप की तीव्रता 6.3 बताई है. अधिकारियों ने कहा कि भूकंप के कारण पाकिस्तान के किसी भी हिस्से में जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. पाकिस्तान मौसम विभाग के राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र (एनएसएमसी) ने बताया कि भूकंप रात नौ बजकर 13 मिनट पर आया और इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में 36.48 डिग्री उत्तर अक्षांश और 70.84 डिग्री पूर्व देशांतर पर 190 किलोमीटर गहराई में स्थित था.

अलर्ट पर स्वास्थ्य अधिकारी

काबुल और प्रांतीय स्वास्थ्य अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है. इस क्षेत्र में भूकंप अक्सर जानलेवा साबित होते हैं क्योंकि ग्रामीण इलाके में अधिकांश घर लकड़ी और मिट्टी से बने होते हैं और कमजोर संरचना वाले होते हैं. बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में अफगानिस्तान में कई भूकंप आए हैं. अगस्त 2023 में 6.0 तीव्रता का भूकंप, नवंबर 2023 में 6.3 का भूकंप और अक्तूबर 2023 में 6.3 तीव्रता के भूकंप ने हजारों लोगों की जान ले ली थी और गांवों को तबाह कर दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top