आखिर 15 साल पहले Guinness ने आशा भोसले को क्यों किया दर्ज? 8 दशक का सफर, जिसने संगीत की तस्वीर बदल दी

Spread the love

Asha Bhosle Passes Away: हिंदी सिनेमा की दिग्गज प्लेबैक सिंगर आशा भोसले के निधन की खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है. उनकी आवाज का जादू सिर्फ गानों में नहीं, बल्कि सीधा दिल में उतर जाया करता था. आज भी लोग उनकी गायकी और गानों के दीवाने हैं. आज भी लाखों लोगों के फोन में उनके यादगार गानों की प्लेलिस्ट अलग से बनी हुई है. कई पीढ़ियां उनके गानों को सुनते हुए बड़ी हुई. आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं, तो ऐसा लग रहा है जैसे संगीत की दुनिया का एक बड़ा सितारा हमेशा के लिए खो गया. 

उनकी कमी को भर पाना आसान नहीं होगा. लोग उन्हें सिर्फ एक सिंगर नहीं, बल्कि एक भावना की तरह याद करेंगे. आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में हर तरह के गाने गाए. चाहे रोमांटिक गाने हों, दर्द भरे नगमे हों या फिर मस्ती से भरे कैबरे सॉन्ग, उन्होंने हर स्टाइल में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था जो सीधे दिल तक पहुंचता था. यही वजह है कि उनका नाम दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में शामिल हुआ. 2011 में उन्होंने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी अपनी जगह बनाई. 

2011 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में बनाई अपनी जगह 

बताया जाता है कि आशा भोसले ने अपने करियर में 11,000 से ज्यादा गाने गाए. वहीं कुछ रिपोर्ट्स में ये संख्या 12,000 से भी ज्यादा बताई जाती है, जिनमें सोलो और डूएट दोनों शामिल हैं. उन्होंने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि मराठी, बंगाली, तमिल, मलयालम और कई विदेशी भाषाओं में भी गाने गाए. उनकी यही खासियत उन्हें बाकी गायकों से अलग बनाती थी. वो हर भाषा और हर स्टाइल में खुद को ढाल लेती थीं, जो बहुत कम कलाकार कर पाते हैं. उनके शानदार योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान भी मिले. 

कई बड़े अवॉर्ड्स से किया जा चुका है सम्मानित

साल 2000 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया, जो भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है. इसके अलावा साल 2008 में उन्हें पद्म विभूषण भी दिया गया. ये सम्मान इस बात का सबूत हैं कि उन्होंने संगीत की दुनिया में कितना बड़ा काम किया. उनके गाने आज भी उतने ही पसंद किए जाते हैं जितने पहले हुआ करते थे. उनके निधन की बात करें तो 11 अप्रैल को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. इसके बाद उन्हें तुरंत मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की. 

92 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

हालांकि, आखिरकार वो जिंदगी की जंग हार गईं. 92 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. इस दुखद खबर की जानकारी महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने दी. उनके जाने से पूरे देश में शोक का माहौल है. आशा भोसले के गाए गानों की बात करें तो उनकी लिस्ट बहुत लंबी है. ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘झुमका गिरा रे’, ‘ये मेरा दिल’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘ओ मेरे सोना रे’ और ‘इन आंखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं’ जैसे गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top