
Aadhaar Safety Tips: आज के डिजिटल दौर में पहचान से जुड़े दस्तावेज पहले से कहीं ज्यादा अहम हो गए हैं. बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, सिम कार्ड से लेकर कई ऑनलाइन सर्विस तक लगभग हर जगह आधार कार्ड का इस्तेमाल किया जाता है. यही वजह है कि साइबर ठग भी अब आधार से जुड़े डेटा को निशाना बनाने लगे हैं. कई बार लोग अनजाने में छोटी सी गलती कर बैठते हैं और उनकी पर्सनल जानकारी गलत हाथों में पहुंच जाती है.
इसके बाद फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे खतरे बढ़ जाते हैं. इसलिए जरूरी है कि आधार से जुड़ी जानकारी को संभालकर रखा जाए और कुछ सावधानियां अपनाई जाएं. अगर आप भी चाहते हैं कि आपका आधार डेटा सिक्योर रहे और स्कैमर्स को कोई मौका न मिले. तो कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. जान लीजिए काम की बातें.
मास्क्ड आधार यूज करें
अगर आपको कहीं पहचान के लिए आधार कार्ड दिखाना पड़ता है. तो पूरी जानकारी शेयर करने के बजाय मास्क्ड आधार का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. यह सुविधा UIDAI की तरफ से दी जाती है और इसमें आधार नंबर के पहले आठ अंक छिपे रहते हैं. जबकि सिर्फ आखिरी चार अंक दिखाई देते हैं. इससे आपकी पहचान भी वेरिफाई हो जाती है और पूरी जानकारी भी पब्लिक नहीं होती.
खासकर होटल, टिकट बुकिंग या नार्मल वेरिफिकेशन के दौरान मास्क्ड आधार ज्यादा सेफ ऑप्शन माना जाता है. इससे आपकी प्राइवेसी सिक्योर रहती है और कोई भी व्यक्ति आपके पूरे आधार नंबर का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाता. इसे UIDAI की वेबसाइट से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है और यह वैलिड पहचान पत्र की तरह असेप्ट किया जाता है.
ऑनलाइन कहीं भी आधार डिटेल्स शेयर करने से बचें
कई लोग बिना सोचे समझे अपने आधार कार्ड की फोटो या उसकी जानकारी सोशल मीडिया, ई-मेल या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर कर देते हैं. यही लापरवाही बाद में बड़ी समस्या बन सकती है. साइबर अपराधी ऐसी जानकारी का इस्तेमाल कर फर्जी अकाउंट खोल सकते हैं या पहचान से जुड़ी धोखाधड़ी कर सकते हैं. इसलिए कोशिश करें कि आधार कार्ड की फोटो या उसकी डिटेल्स किसी भी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर अपलोड न करें.
अगर किसी संस्था को आधार की कॉपी देनी ही पड़े. तो पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें. अनजान वेबसाइट या संदिग्ध लिंक पर कभी भी अपनी निजी जानकारी दर्ज न करें. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है.