साइंटिस्ट बनने की चाहत बहुत सारे लोगों की होती है. वे भी चांद-तारों की दुनिया के बारे में जानना समझना चाहते हैं. लेकिन किन्हीं वजहों से सपना अधूरा रह जाता है. लेकिन अब अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) आपको साइंटिस्ट बनने का मौका दे रही है. सिटीजन साइंटिस्ट (citizen scientists) बनकर आप भी अपना शौक पूरा कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे?
8 अप्रैल को सूर्यग्रहण लगने वाला है. इसके लिए नासा ने खास तैयारी की है. नासा इस खगोलीय घटना से हर किसी को जोड़ना चाहती है. इसके लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं. लोगों को बताया जा रहा है कि वे कैसे इस अद्भुत घटना के साक्षी बन सकते हैं. इसी कड़ी में नासा ने सूर्य ग्रहण को ट्रैक करने के लिए एक ऐप विकसित किया है. वेस्टर्न केंटकी विश्वविद्यालय के साथ इसे तैयार किया गया है, जिसमें आम आदमी सूर्य ग्रहण की तस्वीरें कैप्चर करके शेयर कर सकता है. इससे आपका साइंटिस्ट बनने का सपना पूरा होगा.
फोन उठाइए और सिर्फ 30 सेकेंड का वीडियो बनाइए
नासा चाहती है कि इस बार सूर्य ग्रहण की ज्यादा से ज्यादा तस्वीरें उसके पास हों. ताकि इसका डेटाबेस तैयार करके वे सूर्य को मैप कर सकें. सनस्केचर ऐप (SunSketcher app) बनाने वाली टीम के प्रमुख स्टार मे ने कहा, अगर आप ऐसी जगह पर हैं, जहां से सूर्यग्रहण का नजारा देख सकते हैं, तो आपका स्वागत है. अपना फोन उठाइए और सिर्फ 30 सेकेंड के लिए इस मौके की वीडियोज बनाएं. उसे ऐप पर अपलोड करें. आईफ़ोन और एंड्रॉइड दोनों फोन से आप ऐसा कर सकते हैं. यह बिल्कुल मुफ्त है और इसके लिए आप चाहें तो ऐप पर ट्रेनिंग भी ले सकते हैं.
