
देश भर में महिलाओं के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई जा रही है. अलग-अलग राज्यों की सरकारें इसमें अपना-अपना योगदान दे रही है. हाल ही में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पंजाब सरकार ने एक नई योजना की घोषणा की है. इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं को अपने खर्चों के लिए सहारा मिलेगा.
कब हुई योजना की घोषणा?
इस योजना का नाम मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना रखा गया है. इसकी घोषणा राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट पेश करते समय की. खास बात यह है कि इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने नकद सहायता सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी. सरकार ने इसे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है.
योजना के तहत किसे मिलेगा कितना लाभ?
मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस योजना में सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये हर महीने दिए जाएंगे. जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की राशि मिलेगी. सरकार यह पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी.
क्यों किया गया योजना का ऐलान?
यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर की गई. जिसे महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण से जोड़कर देखा जा रहा है. सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें अपने दैनिक खर्चों के लिए अलग से सहारा मिलेगा. इससे परिवार के भीतर महिलाओं की भागीदारी और फैसले लेने की क्षमता भी बढ़ने की उम्मीद है.
किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए. राज्य सरकार के अनुसार पंजाब की ज्यादातर वयस्क महिलाएं इस योजना के दायरे में आ सकती हैं. हालांकि कुछ महिलाओं को इसमें शामिल नहीं किया गया है. वर्तमान या पूर्व सरकारी कर्मचारी, सांसद या विधायक रह चुकी महिलाएं और आयकर देने वाली महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी.