ऊफ! दिल्ली से ज्यादा गर्मी हिमाचल में…लू के थपेड़ों ने झुलसाया, शिमला-मनाली में भी तपिश से बेहाल, अब आ गया बारिश का अलर्ट

Spread the love

शिमला. हिमाचल प्रदेश में दिल्ली से ज्यादा गर्मी पड़ रही है. मंगलवार को प्रदेश के ऊना जिले में रिकॉर्ड तोड़ पारा गया. अहम बात है कि प्रदेश के कई जिलों में अब लू चल रही है. हालांकि, दो दिन बाद गर्मी से राहत मिलने के भी आसार हैं और मौसम विभाग ने बारिश के आसार जताए हैं.

दरअसल, देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, हिमाचल प्रदेश के दो जिलों ऊना में हमीरपुर में दिल्ली से अधिक पारा रिकॉर्ड हुआ. ऊना में पारा 44.2 डिग्री था. वहीं, हमीरपुर के नेरी में यह 43.3  डिग्री दर्ज किया. शिमला में भी गर्मी ने सीजन का रिकॉर्ड तोड़ा और पारा 29.5 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बताया कि मंडी और बिलासपुर में मंगलवार को अधिकतम पारा 40 डिग्री दर्ज हुआ. हालांकि, बुधवार को शिमला में पारा थोड़ा कम रहा और खबर लिखे जाने तक यह 26.3 डिग्री मापा गया. किन्नौर का कल्पा भी तप गया है और यहां पर भी 29 डिग्री तापमान रहा.

दरअसल, मैदानी राज्यों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी लोग गर्मी से परेशान हैं. मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र ने बताया कि प्रदेश के पांच जिलों ऊना, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर में लोग लू की मार झेल रहे हैं. अगले दो दिन छह जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और सोलन में लू का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 13 से 15 जून तक गर्जना और बारिश के साथ अंधड़ का येलो अलर्ट है. इस दौरान गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

मंगलवार को सबसे अधिक तापमान ऊना में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बिलासपुर में तापमान 40.8 डिग्री, सुंदरनगर में 39.5 डिग्री, बरठीं में 38.8 डिग्री, भुंतर में 38.5 डिग्री, मंडी में 40.0 डिग्री और नाहन में 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा. चंबा में 37.1 डिग्री, धर्मशाला में 32.7 डिग्री, सोलन में 35.5 डिग्री, शिमला में 29.5 डिग्री, काल्पा में 27.8 डिग्री, मनाली में 31.2 डिग्री, केलांग में 25.9 डिग्री और कुकुमसेरी में 28.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है.

वहीं, गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल प्रदेश पहुंच रहे सैलानी भी थोड़ा निराश हैं. हालांकि, सुबह शाम थोड़ी राहत है, लेकिन मनाली और शिमला में दिन के समय तेज धूप खिलने से लोग घर और होटलों से कम बाहर निकल रहे हैं. कुल्लू में बुधवार को पारा 37.3 डिग्री दर्ज हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top