Hanuman Ji Ramayana: जब हनुमान जी ने खुद समुद्र में फेंक दी अपनी लिखी रामायण, हैरान कर देने वाली है यह पौराणिक कथा

Spread the love

Lord Hanuman Story: हिंदू धर्म में रामायण के कई संस्करण प्रचलित हैं, जिनमें महर्षि वाल्मीकि की रामायण और गोस्वामी तुलसीदास की रामचरितमानस सबसे लोकप्रिय हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे पहली रामायण स्वयं बजरंगबली हनुमान ने लिखी थी? और उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने खुद ही उसे समुद्र में विसर्जित कर दिया था. हिंदू धर्म ग्रंथों और लोक मान्यताओं में भगवान राम, हनुमान जी और महर्षि वाल्मीकि से जुड़ी कई प्रेरणादायक कथाएं मिलती हैं.

इन्हीं में से एक बेहद रोचक कथा यह भी है कि हनुमान जी ने खुद भी रामायण लिखी थी, लेकिन बाद में उन्होंने उसे समुद्र में विसर्जित कर दिया. यह कहानी केवल भक्ति ही नहीं बल्कि त्याग और विनम्रता का भी बड़ा संदेश देती है. आइए जानते हैं आखिर हनुमान जी को ऐसा क्यों करना पड़ा.

हिमालय की शिलाओं पर लिखी हनुमद रामायण

पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान राम के राज्याभिषेक के बाद जब अयोध्या में सब कुछ कुशल मंगल हो गया, तब हनुमान जी तपस्या करने के लिए हिमालय चले गए. वहां उन्होंने भगवान राम की महिमा का वर्णन करने के लिए हिमालय की विशाल शिलाओं पर अपने नाखूनों से पूरी राम कथा उकेरी थी. इसे हनुमद रामायण के नाम से जाना जाता है.

जब महर्षि वाल्मीकि हुए निराश

उधर, महर्षि वाल्मीकि ने भी रामायण पूरी की थी. जब वे अपनी रचना भगवान शिव को समर्पित करने के लिए कैलाश पर्वत पहुंचे, तो वहां उन्होंने पहले से लिखी हनुमान जी की रामायण देखी. वाल्मीकि जी ने जब हनुमान जी द्वारा लिखी गई रामायण पढ़ी, तो वे दंग रह गए. वह इतनी सुंदर, भक्तिपूर्ण और श्रेष्ठ थी कि वाल्मीकि जी भावुक हो गए.उन्हें लगा कि हनुमान जी की इस अद्भुत रचना के सामने उनकी रामायण को भविष्य में कोई नहीं पूछेगा और उनकी बरसों की मेहनत फीकी पड़ जाएगी.

हनुमान जी का महान त्याग

जब हनुमान जी ने महर्षि वाल्मीकि के चेहरे पर निराशा देखी, तो उन्होंने उनसे कारण पूछा. वाल्मीकि जी ने साफ रूप से अपनी चिंता जाहिर की. अपने भक्त और एक ऋषि के मन में दुख देखकर, उदार हृदय हनुमान जी ने एक क्षण भी विचार नहीं किया.हनुमान जी ने एक कंधे पर महर्षि वाल्मीकि को बिठाया और दूसरे कंधे पर उस विशाल शिला को उठाया और समुद्र की ओर चल दिए. वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी लिखी हुई रामायण को भगवान राम के चरणों में समर्पित करते हुए समुद्र के जल में विसर्जित कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने यह रामायण किसी ख्याति के लिए नहीं, बल्कि केवल अपनी भक्ति प्रकट करने के लिए लिखी थी. माना जाता है कि आज भी वह रामायण समुद्र की गहराइयों में कई सुरक्षित है.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं की जानकारियों पर आधारित है. KRT News Network इसकी पुष्टि नहीं करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top