हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार गुरुवार को समाप्त होने जा रहा है। इसके बाद 5 तारीख को वोटिंग होगी। हालांकि, विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। हाल ही में भाजपा के टिकट पर सांसद का चुनाव लड़ने वाले अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तंवर को पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल करवाया है।
बड़ी बात ये है कि अशोक तंवर ने आज दोपहर 1:45 बजे भाजपा उम्मीदवार की रैली में भाग लिया था और इसके बारे में ट्वीट भी किया था। इसके बाद अशोक तंवर कांग्रेस के कार्यक्रम में दिखाई दिए। अब खबर आई है कि वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी दी है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर आज BJP के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में BJP की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवरकांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस परिवार में आपका पुनः स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”