
मध्य प्रदेश से 2024 राज्यसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए, जिसमें पांच उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के चार उम्मीदवार, जिनमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, बंसीलाल गुर्जर और श्रीमती माया नारोलिया और कांग्रेस उम्मीदवार अशोक सिंह शामिल हैं, निर्विरोध चुने गए।
इससे पहले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की समय सीमा मंगलवार दोपहर तीन बजे तक थी. समय सीमा के बाद दोनों दलों के उम्मीदवारों को निर्विरोध घोषित कर दिया गया।
230 सदस्यों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा में बीजेपी के 163 और कांग्रेस के 66 विधायक हैं. एक अन्य विधायक, कमलेश डोडियार, भारतीय आदिवासी पार्टी के बैनर तले सैलाना विधानसभा सीट से जीते। बीजेपी के राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी, धर्मेंद्र प्रधान और डॉ. एल मुरुगन के साथ-साथ कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है.