New Trains: अब 75 रुपये में सीधे गंगा मईया के द्वार…अम्ब से हरिद्वार के लिए ट्रेन का विस्तार, जानिये टाइमिंग

Spread the love

ऊना. देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में भारतीय रेलवे रीढ़ की हड्डी है. यह न केवल यात्रियों को सुविधा और सुलभता प्रदान करता है, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति देता है. जब किसी क्षेत्र को नई ट्रेन सेवा या रेलमार्ग विस्तार की सौगात मिलती है, तो वह क्षेत्र न केवल शेष देश से बेहतर तरीके से जुड़ता है, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के नए द्वार भी खुलते हैं. ऐसे में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लिए हरिद्वार तक ट्रेन सेवा का विस्तार हुआ है और अब इसे ऊना जिले के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक कर दिया गया है.

शनिवार को सांसद अनुराग ठाकुर ने ऊना रेलवे स्टेशन से अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक विस्तारित हरिद्वार वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.जानकारी के अनुसार, मेमू ट्रेन संख्या 64511/64512 का रेलवे प्रशासन ने विस्तार किया है और इसे अंब-अंदौरा से चलाने का निर्णय लिया है. यह रेलगाड़ी अंब से दोपहर 1:34 बजे चलेगी और मात्र 75 रुपये किराया वहन करते हुए लोग अंब से हरिद्वार पहुंच सकेंगे. पहले सात जुलाई से सेवा का आगाज होना था. लेकिन बाद में यह टल गया था.इससे पहले, सांसद अनुराग ठाकुर ने रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ ऊना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए रेलवे की विभिन्न योजनाओं का फीडबैक भी लिया.सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह रेल विस्तार न केवल ऊना और अंब उपमंडल सहित कांगड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को हरिद्वार जाने में सुविधा देगा. बल्कि यह धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा. उन्होंने जानकारी दी कि अगले डेढ़ वर्ष के भीतर इस रेल लाइन को पंजाब के तलवाड़ा तक जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय मिलकर प्रयासरत हैं.

पंजाब सरकार के साथ भी कई दौर की वार्ता

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने खुद पंजाब सरकार के साथ भी कई दौर की वार्ता की है. उन्होंने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार बड़े स्तर पर निवेश कर रही है और हिमाचल को रेल के माध्यम से देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top