शिव ही एकमात्र ऐसे देवता हैं, जो संन्यासी भी हैं और गृहस्थ भी. उनका परिवार प्रेम और समरसता का प्रतीक है, जहां परस्पर विरोधी तत्व भी सहजता से एक साथ रहते हैं. भगवान गणेश का वाहन मूषक और भगवान शिव के गले का सर्प, भगवान कार्तिकेय का मोर और नागराज, नंदी बैल और माता पार्वती का वाहन सिंह-ये सभी स्वभाव से एक-दूसरे के शत्रु हैं, फिर भी शिव कृपा से एक साथ रहते हैं. यह संदेश हमें अपने परिवार में भी धैर्य और सहिष्णुता बनाए रखने की प्रेरणा देता है.
अधिकांश लोग नवग्रहों की शांति के लिए अलग-अलग उपाय करते हैं, लेकिन शिव आराधना से सभी ग्रहों की बाधाएं दूर हो सकती हैं. दरअसल, नवग्रह स्वयं शिव परिवार में ही समाहित हैं. सूर्य देव स्वयं शिव के तेजस्वी स्वरूप हैं. चंद्रमा उनके मस्तक पर सुशोभित हैं. मंगल स्वरूप में भगवान कार्तिकेय पूजे जाते हैं. बुध ग्रह के अधिष्ठाता स्वयं भगवान गणेश हैं. गुरु ग्रह (बृहस्पति) शिव के प्रिय वाहन नंदी के रूप में विद्यमान हैं. शुक्र ग्रह शक्ति और सौंदर्य का प्रतीक माता पार्वती से संबंधित हैं. शनि ग्रह शिव के त्रिशूल से जुड़े हुए हैं, जो न्याय और कर्मफल प्रदान करते हैं. राहु और केतु सर्प रूप में शिव के गले का आभूषण हैं.