टाटा मोटर्स का कमाऊ पूत पड़ा ‘बीमार’, शेयर में लगातार गिरावट, निवेशकों का हाल बेहाल

Spread the love

सोमवार को टाटा मोटर्स के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. इसके शेयर 5.2 फीसदी तक टूट गए और कीमत 674.70 रुपये तक पहुंच गई. इसका कारण था टाटा मोटर्स की एक विदेशी कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) का वह ऐलान, जिसमें उसने कहा कि इस साल उनका मुनाफा पहले से कम रहेगा. यह खबर सुनते ही निवेशक घबरा गए और शेयर बेचने लगे. खबर लिखे जाने के समय 12:51 बजे तक टाटा मोटर्स का शेयर 684.35 रुपये पर था.JLR एक लग्ज़री कार बनाने वाली टाटा मोटर्स की ही एक कंपनी है, जो इंग्लैंड में है. कंपनी ने बताया कि इस साल (2025-26) में उसकी कमाई में जो मुनाफा होगा, वह केवल 5 से 7 फीसदी के बीच रह सकता है. जबकि पिछले साल ये मुनाफा 8.5 फीसदी था. इतना ही नहीं, कंपनी ने यह भी कहा कि इस बार उसके पास ज्यादा कैश नहीं बचेगा, जबकि पिछले साल उसने करीब 1.5 बिलियन पाउंड की अच्छी खासी कमाई की थी.दरअसल, टाटा मोटर्स के लिए JLR बहुत जरूरी है. क्योंकि इसकी कमाई का बड़ा हिस्सा, JLR से ही आता है. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल टाटा मोटर्स की कुल कमाई में से 71 फीसदी पैसा और कुल मुनाफे में से 80 फीसदी मुनाफा इसी से आया था. यानी अगर JLR का प्रदर्शन कमजोर होगा, तो टाटा मोटर्स पर सीधा असर पड़ेगा. कुल मिलाकर, कहा जा सकता है कि टाटा मोटर्स का कमाऊ पूत (ज्यादा कमाई करने वाला बेटा) फिलहाल बेहाल है. इसी वजह से कंपनी का शेयर भी गिर रहा है. JLR ने हालांकि यह जरूर कहा कि वह आने वाले दो सालों (2026-27 और 2027-28) में फिर से अच्छा मुनाफा कमाने की कोशिश करेगा.JLR ने इस साल कई गाड़ियां बेचीं, लेकिन हर गाड़ी से होने वाली कमाई पिछले साल जितनी ही रही. औसतन हर गाड़ी की कीमत 70,000 यूरो रही. फिर भी, बाकी लग्ज़री कार कंपनियों के मुकाबले JLR का प्रदर्शन बेहतर रहा. मई महीने में वह प्रीमियम सेगमेंट में नंबर 1 बनी रही.अब बात करें रेटिंग की तो एक मशहूर रेटिंग एजेंसी मूडीज़ ने टाटा मोटर्स और JLR दोनों की रेटिंग में सुधार किया है. मूडीज़ ने कहा कि टाटा मोटर्स का कर्ज कम हो रहा है और उसकी कमाई बढ़ रही है, जो कंपनी की सेहत के लिए अच्छा संकेत है. JLR की भी रेटिंग बढ़ाकर Ba1 कर दी गई है, जिससे यह माना जा सकता है कि कंपनी अपने पुराने हालात से बेहतर स्थिति में पहुंच रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top