मध्य प्रदेश में रेलवे की बड़ी सौगात, रतलाम-नागदा मल्टीट्रैकिंग प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी

Spread the love

मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क को सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने रतलाम-नागदा मल्टीट्रैकिंग परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है. इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में रेलवे सुविधाओं के विकास को पूरी संकल्पित भावना से आगे बढ़ा रही है.

डॉ. यादव ने कहा, “देश इस समय स्वर्णिम काल से गुजर रहा है. प्रधानमंत्री Narendra Modi का स्पष्ट मानना है कि रेलवे, देश की सबसे विश्वसनीय और किफायती परिवहन प्रणाली है. केंद्र सरकार रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाते हुए नए ट्रैक बिछाने का कार्य निरंतर कर रही है.

रतलाम-नागदा परियोजना: पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रतलाम से नागदा के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी. इससे प्रतिवर्ष 7.5 करोड़ लीटर डीजल की बचत होगी. इस परियोजना से 38 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में भी कटौती होगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. “यदि इसे पर्यावरणीय संतुलन के पैमाने पर देखा जाए तो यह परियोजना 1.5 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है,” रेल मंत्री ने कहा. इससे मालवा अंचल में न केवल रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

तीन नई रेलगाड़ियों की सौगात : 

रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि मध्य प्रदेश को जल्द ही तीन नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी:

1. रीवा-सतना-जबलपुर-पुणे

2. जबलपुर-रायपुर (वाया नैनपुर-गोंदिया)

3. ग्वालियर-भोपाल-पुणे-बंगलुरु

इसके अलावा दो महीने पूर्व नई दिल्ली से डॉ. अंबेडकर नगर (महू) के लिए एक नई ट्रेन सेवा प्रारंभ की गई थी, जिससे यात्रा की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई है.

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में रेलवे का योगदान

केंद्रीय मंत्रिमंडलीय आर्थिक मामलों की समिति ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के लिए दो मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी है.

मध्यप्रदेश: रतलाम-नागदा (तीसरी और चौथी लाइन)

महाराष्ट्र: वर्धा-बल्हारशाह (चौथी लाइन)

कुल इतनी आएगी लागत

इन परियोजनाओं पर कुल 3,399 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इससे लगभग 784 गांवों में बसे 19.74 लाख नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा. साथ ही रेलवे नेटवर्क में 176 किलोमीटर का विस्तार होगा, जिससे यात्रियों और व्यापार दोनों को गति मिलेगी. इस अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, मंत्री चैतन्य काश्यप, वरिष्ठ सांसद  विष्णु दत्त शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस कार्यक्रम में पन्ना से वर्चुअली जुड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top