झारखंड: जमशेदपुर में बारिश बनी मुसीबत! स्कूल में फंसे 162 बच्चे, पुलिस ने किया रेस्क्यू

Spread the love

Jharkhand News: झारखंड के जमशेदपुर जिले के कोवली थाना क्षेत्र स्थित लव कुश आवासीय विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विद्यालय परिसर जलमग्न हो गया और स्कूल के अंदर मौजूद 162 बच्चे पानी में फंस गए.

जैसे ही प्रशासन को इस स्थिति की जानकारी मिली, जमशेदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आया.

उपकरणों की सहायता से बच्चों तक पहुंच बनाई

कोवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. भारी बारिश और जलजमाव के बावजूद, टीम ने नाव, रस्सी और अन्य बचाव उपकरणों की सहायता से बच्चों तक पहुंच बनाई. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.

अधिकांश बच्चे डरे हुए थे, लेकिन पुलिस और बचाव दल ने उन्हें धैर्य और साहस के साथ संभाला. कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार की आवश्यकता पड़ी, जिसे मौके पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों की जांच कर उपचार किया.

स्कूल को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया

कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि बारिश के कारण एक मंजिला आवासीय विद्यालय की इमारत पूरी तरह जलमग्न हो गई है. उन्होंने बताया कि स्कूल को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है.

पासवान ने कहा कि स्थानीय छात्रों को उनके घर भेज दिया गया है, जबकि जिला प्रशासन डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी और जमशेदपुर सहित जिले भर में अन्य छात्रों को उनके घर भेजने की व्यवस्था कर रहा है.

आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी

पोटका के वरीय प्रभारी LRDC गौतम कुमार ने बताया कि पोटका में लव कुश आवासीय स्कूल एक प्राइवेट स्कूल के रूप में चल रहा है. इसका हॉस्टल नदी के किनारे बना है, जो सुरक्षित नहीं है.

हाल ही में नदी का जलस्तर बढ़ने से स्कूल में पानी भर गया और हॉस्टल में रह रहे 162 बच्चे फंस गए. अच्छी बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित निकाल लिए गए. फिलहाल स्कूल को बंद करने का आदेश दिया गया है और आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top