हिमाचल में बदला मौसम, भीषण गर्मी के बीच बारिश, शिमला-मनाली में भी हुए ‘कूल-कूल’, सोलन में 5 गाड़ियों पर गिरा पेड़

Spread the love

शिमला. भारी गर्मी से झुलस रहे हिमाचल प्रदेश के लिए राहत की खबर है. प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार के बाद अब शुक्रवार को भी मौसम ने करवट बदली है और बारिश हो रही है. शुक्रवार को प्रदेश के मंडी, मनाली, कांगड़ा और बिलासपुर जिले में बारिश हुई है. दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और गर्मी से राहत मिली. इससे पहले, गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओले गिरे थे.

जानकारी के अनुसार, सोलन बाजार में बारिश और तूफान के चलते पांच गाड़ियों पर पेड़ गिर गया. वहीं, मंडी के धर्मपुर के पास मंडप, बरोटी सहित अन्य इलाकों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है.

मौसम विभाग ने शुक्रवार दोपहर ढाई बजे तीन घंटे के लिए ऊना, बिलासपुर, सिरमौर और सोलन में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हालांकि, शिमला में दोपहर तक धूप खिली हुई थी. लेकिन बाद में मौसम ने करवट ली और यहां पर अब मौसम सुहावना हो गया है. बिलासपुर के घुमारवीं में झमाझम बारिश हुई. ऊना में भी राहत की फुहारें पड़ीं.मौसम विज्ञान के शिमला केंद्र ने बताया कि सूबे में सबसे कम केलांग में 9.0°C रिकॉर्ड किया गया है. वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना जिले में 43.0°C दर्ज हुआ है. इसके अलावा, मनाली के कोठी में 18.0 मिमी बारिश हुई है. वहीं, चंबा के चुवाड़ी में 16.0 मिमी, सिरमौर के पांवटा साहिब में 12.2 मिमी, धर्मशाला 9.0, शिमला के चौपाल में 8.6, रोहरू 8.0, मंडी के पंडोह में 7.0, जतौन बैराज 5.2, भरमौर 5.0, कोटखाई 4.0 और रामपुर में 3.0 मिमी बरसात हुई है. वहीं, ऊना में सामान्य से पांच डिग्री पारा अधिक है.

कैसा रहेगा अगले सात दिन मौसम

इसी तरह, धर्मशाला  में 36.0°C (सामान्य से 4.9°C अधिक), भुंतर 37.5°C (सामान्य से 4.7°C अधिक), मनाली : 30.8°C (सामान्य से 4.6°C अधिक) मापा गया. मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के आसार जताए हैं और य़ेलो अलर्ट जारी किया है. शुक्रवार के लिए भी येलो अलर्ट रहेगा. हालांकि, हिमाचल के मैदानी इलाकों  में भीषण गर्मी पड़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top