हिमाचल में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है. इसी कड़ी में कांगड़ा जिले के बैजनाथ में कांगड़ा घाटी की लाइफलाइन माने जाने वाले बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरी तरह से नया रूप दिया गया है. करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्टेशन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया.
इस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है और यह हिमाचल में रेलवे के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. यह स्टेशन पठानकोट-जोगिंदरनगर नैरोगेज रेल लाइन पर स्थित है और उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत आता है.
अब यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन पर 1544 वर्ग मीटर में नया प्लेटफॉर्म शेल्टर तैयार किया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर दो जल बूथ और एक वाटर कूलर लगाया गया है, ताकि उन्हें साफ पानी आसानी से मिल सके. दिव्यांग यात्रियों का भी खास ध्यान रखा गया है — उनके लिए अलग से शौचालय, प्रवेश रैंप, बुकिंग खिड़की और पार्किंग क्षेत्र की व्यवस्था की गई है. स्टेशन पर ट्रेन पकड़ना अब और आसान हो गया है क्योंकि यहां डिजिटल कोच गाइडेंस सिस्टम और संकेत बोर्ड लगाए गए हैं. खास बात यह है कि इस स्टेशन का डिजाइन स्थानीय पहाड़ी संस्कृति और वास्तुकला से प्रेरित है, जिससे इसका लुक बेहद आकर्षक हो गया है.
धार्मिक पर्यटन के लिए भी अहम स्टेशन
यह स्टेशन न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि बैजनाथ मंदिर, ज्वालामुखी मंदिर, चिंतपूर्णी मंदिर, कांगड़ा किला और मसरोर मंदिर जैसे प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बेहद अहम है. अब देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यात्रा और भी आरामदायक होगी.
रेलवे अधिकारी ने क्या कहा?
उत्तर रेलवे के डीआरएम विकास कुमार ने जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1309 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है. हिमाचल में अम्ब अंदौरा, पालमपुर और शिमला स्टेशनों पर भी काम चल रहा है. इन स्टेशनों को रूफ प्लाजा, बच्चों के खेलने के क्षेत्र, फूड कोर्ट और बेहतर लाइटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाओं से सजाया जा रहा है.