हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में जहर की तरह फैल रहा चिट्टा और मौत के मुंह में जाते युवक आज सबके लिए चर्चा का विषय हैं. हर कोई इस नशे के खिलाफ अपनी आवाज़ उठा रहा है, वहीं नशा तस्करों को सबक सिखाने वाली जिला कांगड़ा की SSP शालिनी अग्निहोत्री ने हमेशा नशे के खिलाफ काबिलेतारीफ काम किया है. कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 65 लाख रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति को जब्त किया है. इसके अलावा, शालिनी अग्निहोत्री और जिला कांगड़ा पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई से ये साफ कर दिया है कि दोषियों को हरगिज बख्शा नहीं जाएगा.
इनकी हुई संपति जब्त
एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि इस कार्रवाई में आरोपियों की प्रॉपर्टी, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वाहन शामिल हैं. आदेश देर शाम जारी किए गए थे. धर्मशाला थाना पुलिस ने 6 अप्रैल को रक्कड़ गांव से संजय कुमार उर्फ छप्पन और सुमन कुमारी उर्फ वर्षा को 1.246 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया. संजय ने नशे की कमाई से धर्मशाला में तीन मकान बनवाए, जिनकी कीमत 1.55 करोड़ रुपए है और उसके परिवार के पास स्कॉर्पियो, स्विफ्ट, रॉयल एनफील्ड और एक्टिवा भी है. इन वाहनों की कीमत 4.49 लाख रुपए है.
NDPS एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
इसी तरह अरला देहरा गांव से पवन कुमार और उसकी पत्नी नीना को 26.10 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा गया. इनके पास से 241 ग्राम सोना, 1207 ग्राम चांदी और 44,580 रुपए नकद भी मिले. पवन ने अरला, सकोट और तरसूहां में मकान बनवाए हैं. इन मकानों की कीमत 81.45 लाख रुपए है और उनकी चल संपत्ति की कीमत 24.67 लाख रुपए है. पुलिस ने दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है. कांगड़ा पुलिस ने इससे पहले भी एक अन्य नशा तस्कर की 51 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की थी.
कौन हैं IPS शालिनी अग्निहोत्री
शालिनी अग्निहोत्री, हिमाचल के जिला उन से संबंध रखने वाली 2012 बैच की युवा IPS अधिकारी हैं, जो बेहतर लॉ एंड ऑर्डर के लिए जानी जाती हैं. इसके अलावा, नशे के खिलाफ़ इन्होंने हमेशा से एक अभियान चलाकर रखा है और स्कूली बच्चों को इसके प्रति जागरूक भी करती हैं. शालिनी, मौजूदा समय में प्रदेश के सबसे बड़े जिला की कमान बतौर एसपी(SP) संभाले हुए थीं, जिनकी हाल ही में बतौर एसएसपी (SSP) पदोन्नति हुई है.